पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमले के बाद जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बैंकों में पुलिस ने डाग स्क्वायड की टीम के साथ चेकिंग की।
शनिवार को पठानकोट में हमले की जानकारी पर सीओ सिटी राजेश चौधरी के नेतृत्व में कोतवाल उत्तर शशिकांत शर्मा और दक्षिण श्रीप्रकाश यादव ने चेकिंग की। पुलिस फोर्स और डॉग स्क्वायड की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां आरपीएफ और जीआरपी के साथ प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों के सामान और बैग देखे। साइकिल स्टैंड पर खड़े वाहनों और बाइक की डिग्गी भी देखीं। इसके बाद पुलिस फोर्स रेलवे रोड स्थित एक प्राइवेट बैंक पहुंचा। बैंक में मौजूद उपभोक्ताओं की तलाशी लेने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे चेक किए। नगर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की चेकिंग की गई। बस स्टैंड के साथ सदर बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस फोर्स चेकिंग करता नजर आया।