फिरोजाबाद। जिले में गंगाजल भरकर कांवड़ियों के निकलने वाले रास्ते भी रोशनी से जगमगाते दिखाई देंगे। पंचायतीराज विभाग की ओर से मार्ग की साफ सफाई कराने के साथ ही बिजली के खंबों पर लाइट लगाने का काम किया जा रहा है ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। श्रावण मास के सोमवार के दिन गंगाजल भरकर शिवालयों में चढ़ाने को लाने वाले कांवड़ियों के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं करने में पुलिस प्रशासन की टीमें जुटी हैं। पंचायतीराज विभाग की ओर से टूंडला से एटा रोड, शिकोहाबाद एटा रोड, शिकोहाबाद से नसीरपुर रोड आदि पर पड़ने वाले झाड़ियों कटवाने के साथ लाइटों को लगवाने का काम कर रहा है। डीपीआरओ नीरज कुमार सिंहा साफ सफाई के साथ लाइट लगवाने का काम खुद निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के बार्डर इमलिया चौराहा, तजापुर पुलिस चौकी, उम्मरगढ़ तिराहा, रामगढ़ चौराहा चिलासिनी, नदी के साथ, संतोषी माता मंदिर, जलेसर रोड पेट्रोल पंप, उत्तम गढ़ी, पहाड़पुर, कसबा नगला बीच, नगला सिकंदर पेट्रोल पंप, नगला बीच मंदिर, पिपरौली चौराहा, नहर पुलिया एवं राम सिंह कॉलेज के पास लाइटों को लगवाने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही डीपीआरओ नीरज कुमार सिंहा ने बताया कि कांवड़ियों के यात्रा मार्ग पर झाड़ियों को हटाने का काम रविवार को अवकाश के दिन भी चलता रहा। ग्राम प्रधानों के साथ-साथ पंचायत सचिव इस काम को कराते दिखाई दिए, जिससे कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।