फिरोजाबाद। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक से कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें लगातार अनुपस्थिति और कार्य में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सीडीओ ने चार चिकित्साधिकारियों की संविदा समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, समीक्षा में लापरवाही पर अन्य चिकित्साधिकारियों को चेतावनी दी।
बैठक में नगला किला नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संकल्प गुप्ता, उर्दू नगर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक यादव, एटा रोड टूंडला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की चिकित्साधिकारी डॉ. श्रेया सिंह और न्यू शिवनगर टूंडला आयुष्मान आरोग्य मंदिर के चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक जिंदल बैठक में अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा ये चिकित्साधिकारी प्रतिदिन आयोजित होने वाली आयुष्मान कार्ड की ऑनलाइन समीक्षा बैठक से भी अक्सर गैरहाजिर रहते थे। आयुष्मान कार्ड जारी करने में भी रुचि नहीं ले रहे थे। लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने चारों की संविदा समाप्त करने के निर्देश दिए।
वहीं बैठक से अनुपस्थित रहने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसराना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विमल उपाध्याय और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कच्चा टूंडला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कुमार पर भी कार्रवाई की गई। दोनों का एक दिन का वेतन काटने के साथ चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल, सीएमओ डॉ. रामबदन राम, सीएमएस डॉ. नवीन जैन आदि शामिल रहे।