बैंक अफसराें के साथ्ा बैठक करते डीएम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराे
जिले की सभी बैंक शाखाओं में करेंसी चेंज अथवा और जमा करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। बैंकों से बाहर लगने वाली भीड़ कम करने का जिला प्रशासन ने नया तरीका निकाला है। आज यानि 17 नवंबर से सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक केवल खाताधारकों का काम होगा। बिना खाताधारकों के नोट बदलने का कार्य दोपहर एक बजे के बाद किया जाएगा। उनकी कतार भी एक बजे से लगने दी जाएगी। दूसरे के लिए करेंसी बदलने वालों को जेल भेजा जाएगा। प्रशासन उन बैंक अफसरों -कर्मचारियों को चिह्नित कर रहा है जो नियम विरुद्घ करेंसी चेंज करा रहे हैं।
500-1000 के नोट बंद होने के बाद बने हालात को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक की। डीएम राजेश प्रकाश ने कहा कि बैंकों में जिनके एकाउंट खुले हैं उनकी दिक्कत को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया है। कैश मुद्रा सम्बंधी आरबीआई के नए प्रावधान लागू होने के कारण 24 नवंबर तक एक बार ही कैश बदला (विनिमय) जा सकेगा। फर्जी आईडी के माध्यम से कैश निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुछ बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा बड़ी मात्रा में कैश मुद्रा का विनिमय करने की गोपनीय सूचना मिली है।
इससे कानून व्यवस्था खराब हो रही है। ऐसे अधिकारियों का चिह्नित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि गैर खाताधारक जो कैश मुद्रा विनिमय (बदलना) चाहते हों उनका प्रवेश दोपहर एक बजे से शाम को चार बजे तक होगा। शाम को चार बजे शेष बचने वालों को बैंक की ओर से पेपर टोकन जारी किया जाएगा। शाम को चार बजे के बाद कोई कतार में नहीं लगे। कैश मुद्रा विनिमय करने वालों दाहिने हाथ की इंडेक्स फिंगर पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। यह आरबीआई के आदेश हैं। इससे शरारती तत्व व दलाल बार-बार कतार में नहीं लग पाएंगे। पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन की टीमें दलालों एवं धंधेबाजों का चिह्नांकन कर रही हैं। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। कैश मुद्रा विनिमय के लिए लाइन में लगने वाले व्यक्तियों को अपनी आईडी की फोटो प्रति के साथ मूलप्रति साथ रखनी होगी। यदि किसी के पास गलत आईडी मिली तो उसे जेल भेजा जाएगा। इस बैठक में एसएसपी लीड बैंक प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र बहादुर यादव के साथ जिले के 22 बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे।