फिरोजाबाद। जीएसटी के मोबाइल स्काॅट टीम ने बीती रात को टूंडला टोल प्लाजा पर एक संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन पर लदे माल से जुड़े प्रपत्रों में कई गंभीर त्रुटियां मिली हैं। वाहन पर लदे माल की कीमत के आधार पर दस लाख का जुर्माना निर्धारण कर मौके पर वसूली की गई।
सचल दल प्रभारी स्टेट जीएसटी डॉ. सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में जीएसटी विभाग की टीम ने बुधवार की रात का टूंडला टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान गुजरात प्रांत से कीटनाशक दवा व अन्य कृषि सामान लेकर कानपुर जा रहे एक ट्रक संख्या यूपी-78-टी 7988 को पकड़ा। मैसर्स बीएचएम एग्रीजेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड राजकोट गुजरात नामक कंपनी से कीटनाशक दवा लादकर निकले ट्रक में लदे माल से जुड़े जीएसटी प्रपत्र अधूरे व भ्रमित दिखे। संदेह होने पर ट्रक की तलाशी ली गई। तो उसमें कूटरचित इनवाॅइस के आधार पर लगभग 35 लाख की कीमत का कीटनाशी केमिकल व अन्य सामान पाया गया। ट्रक में लदे माल की कीमत के आधार संबंधित कंपनी पर दस लाख का जुर्माना निधार्रण कर मौके पर ही वसूली गई।