फिरोजाबाद। तेजी से बदलती दिनचर्या, शारीरिक निष्क्रियता और जंक फूड का बढ़ता चलन लोगों की धमनियों में मीठा जहर घोल रहा है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-6 (एनएफएचएस-6) के हालिया आंकड़े लोगों की सेहत की चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहे हैं। सर्वे के अनुसार, जिले की वयस्क आबादी का एक बड़ा हिस्सा डायबिटीज और उच्च रक्तचाप की चपेट में है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के 24.7 फीसदी पुरुष और 19.2 फीसदी महिलाएं वर्तमान में हाई ब्लड शुगर से जूझ रहे हैं। इसका मतलब है कि हर चौथा पुरुष और हर पांचवीं महिला मधुमेह की मरीज है। चिंताजनक पहलू यह है कि पिछले सर्वे (एनएफएचएस-5) के मुकाबले इस बार स्थिति और अधिक विकराल हुई है। महिलाओं में डायबिटीज का ग्राफ जहां 4.7 प्रतिशत बढ़ा है, वहीं पुरुषों में इसमें 6.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कांच उद्योग और शहरी आपाधापी के बीच लोग अपनी सेहत और खानपान की अनदेखी कर रहे हैं।
हाई वोल्टेज बीपी: 160 के पार पहुंचा स्तर
सर्वे में ब्लड प्रेशर की स्थिति भी गंभीर पाई गई है। जिले के 3.9 फीसदी महिलाओं और पुरुषों में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर 160 से अधिक दर्ज किया गया जो स्ट्रोक और हृदयघात (हार्ट अटैक) के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है।