जसराना। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर गांव झपारा के पास सोमवार शाम दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों एवं पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। जहां एक व्यक्ति को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जबकि चार लोगों का उपचार चल रहा है। थाना जसराना क्षेत्र के कस्बा पाढ़म निवासी सोहेब एवं समीस बाइक से कहीं जा रहे थे। वहीं प्रेम सिंह (40) निवासी मोहिनीपुर दखिनारा थाना शिकोहाबाद अपने साथ संध्या पुत्री विक्रम सिंह, मुन्नी देवी को लेकर अपने घर आ रहे थे। थाना जसराना क्षेत्र के एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर मौजूद गांव झपारा के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए।
मौके पर लगी लोगों की भीड़ ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें शिकोहाबाद के संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। प्रेम सिंह की मौत के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत हुई है, जबकि अन्य का उपचार चल रहा है।