फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद की एक महिला ने अपने दिल्ली निवासी ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना और जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता भावना राठौर ने बताया कि उनका विवाह 18 अप्रैल 2022 को दिल्ली निवासी विशाल राठौर के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति विशाल, सास संगीता देवी और ससुर अखिलेश दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की जंजीर और 1 लाख रुपये नगद की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान उन्होंने बेटे माधव और बाद में बेटी शारदा को जन्म दिया, जिसके बाद ससुरालियों ने उन्हें घर से निकाल दिया। आरोप है कि बीती 11 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11 बजे पति व ससुरालीजन भावना और उनकी नवजात बच्ची को लेकर मायके आसफाबाद पहुंचे, जहाँ बातचीत के दौरान आरोपियों ने भावना के सिर पर लोहे की नुकीली रॉड से जानलेवा हमला कर दिया और परिजनों को बुरी तरह पीटा। पीड़िता का आरोप है कि रसूलपुर पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर अब पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। संवाद