आलू को बर्बाद होता देख सदमे में आए किसान ने खेत में खड़े पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पीएम के लिए भेज दिया।
नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव बनीपुर के रहने वाले किसान माधो सिंह यादव उर्फ भूरा (50) पुत्र रघुवीर सिंह के एक पुत्र और एक पुत्री है। इनकी वह शादी कर चुके थे। परिवार के भरण पोषण के लिए माधो सिंह ने दस बीघा खेत में आलू किया था। आलू की खोदाई के बाद उन्होंने कोल्डस्टोरेज मालिकों से संपर्क भी किया लेकिन आलू नहीं रखा जा सका। इसे लेकर वह मानसिक रुप से परेशान थे। सोमवार अल सुबह वह खेत पर गए तो आलू दुर्दशा देख सदमे में आ गए और खेत में खड़े पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर ग्रामीण और परिवारीजन पहुंच गए। उनमें कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष नगला खंगर ने बताया कि किसान ने आलू को बर्बाद होता देख फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना से प्रशासनिक अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।