प्रकाश पर्व दिवाली को लेकर जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी दिवाली के मौके पर रात 10 बजे तक ही आतिशबाजी करने की अनुमति होगी। इसके साथ ही, जिले की सभी तहसीलों में पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी बाजारों के गठन और लाइसेंस आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए प्रशासन ने अस्थायी लाइसेंस धारकों और दुकानदारों के लिए बेहद कड़े नियम व शर्तें लागू की हैं।
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत पटाखों के निर्माण, भंडारण और परिवहन में सुरक्षा सावधानियों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पटाखों की दुकानें ऐसे स्थानों पर बिल्कुल न लगाई जाएं जहां आग लगने का खतरा हो या जो संवेदनशील व बहुमंजिला इमारतों के नजदीक हों। दुकानों के पास ज्वलनशील पदार्थ जैसे कपड़ा, पॉलिथीन आदि का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। दुकान या पंडाल में हैलोजन लाइट का प्रयोग वर्जित किया गया है, तथा किसी भी प्रकार की आग, दीया, मोमबत्ती या माचिस के प्रयोग पर रोक रहेगी। आग से सुरक्षा के लिए दुकान के पास पर्याप्त मात्रा में पानी और बालू (रेत) सदैव उपलब्ध रखनी होगी, ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके।
पंडाल एवं अग्नि सुरक्षा के विशेष निर्देश
अस्थायी पंडालों या बाजारों के निर्माण के लिए भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों का पालन करना अनिवार्य किया गया है। पंडाल की ऊंचाई और चारों तरफ कम से कम 4.5 मीटर खुला स्थान आपातकालीन निकासी के लिए छोड़ना आवश्यक है। साथ ही, विद्युत व्यवस्था केवल लाइसेंसधारी ठेकेदारों से ही कराने, तारों के खुले जोड़ न छोड़ने तथा आपातकालीन स्थिति के लिए पर्याप्त पानी व फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संतोष कुमार शर्मा, डीएम