नाती के साथ सामान लेकर स्कूल जा रही वृद्धा को मारुति कार ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जसराना-मुस्तफाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जाम खुलवाते हुए शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं सिरसागंज क्षेत्र में ट्रक चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
जसराना कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी फूलश्री (55) पत्नी प्यारेलाल प्राथमिक विद्यालय में रसोइया थीं। शनिवार सुबह करीब दस बजे वह अपने नाती के साथ कुछ सामान लेकर स्कूल जाने के लिए गांव के समीप से मार्ग पार कर रही थी। तभी जसराना की ओर से आ रही मारुति कार ने वृद्धा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फूल श्री का नाती बच गया। हादसे में हुई चीखपुकार की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लोगों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया। लोगों ने दोषी कार चालक को पीटते हुए जसराना मुस्तफाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर जसराना पुलिस के साथ तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करते हुए आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बद शव को पीएम के लिए भेजा गया।
वहीं सिरसागंज थाना क्षेत्र करहल रोड पर अतापुर गांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे की खबर पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल आए परिवारीजनाें ने मृतक की शिनाख्त अभय राम पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी दादपुर थाना करहल जनपद मैनपुरी के रूप में की। पीड़ित परिवारीजनों ने बताया कि युवक दूध का कारोबार करता था और बाइक से दूध लेकर सिरसागंज आ रहा था। थानाध्यक्ष सिरसागंज का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।