03, टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर खड़ी वंदेभारत एक्सप्रेस संवाद
टूंडला। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर अचानक वंदे भारत एक्सप्रेस के घुसते ही पेंटो से टकराकर ओवर हैड इक्विपमेंट (ओएचई) कैटेनरी तार (ड्रॉपर) टूटकर लटक गया। इसके चलते यह ट्रेन डेढ़ घंटे से भी अधिक देर तक टूंडला स्टेशन पर खड़ी रही। इस बीच ट्रेन के एसी बंद होने से रेलयात्री परेशान रहे तथा ट्रेन से नीचे उतर आए। ओएचई को सही करने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया गया।
आगरा कैंट से चलकर वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह 6:43 बजे अपने निर्धारित समय से दो मिनट देरी से टूंडला रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इस बीच अचानक एक कोच के ऊपर लगे पेंटो के गुजरने के साथ ही ओएचई के तार से तेज चिंगारी निकली। इसके चलते ओएचई तारों के बीच जोड़ने वाला तार टूटकर लटक गया। घटना की तत्काल जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी गई। अधिकारियों ने जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग ओएचई टीम को मौके पर भेजा। इस बीच ट्रेन के एसी बंद होने एवं ट्रेन के काफी समय तक खड़े रहने पर रेल यात्री परेशान हो गए तथा ट्रेन से बाहर निकल आए। टीम ने करीब 1 घंटे 38 मिनट के प्रयास के बाद टूटे तार को सही कर दिया। इसके बाद ही 8:18 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।