स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए जा रहे सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की नगर आयुक्त ने प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे स्थान भी मिले, जहां शौचालय निर्माण की आवश्यकता नहीं थीं, वहीं कुछ स्थान बदलने के निर्देश अधीनस्थ अफसरों को दिए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए नगर निगम को शासन से लाखों रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। नगर निगम प्रशासन द्वारा शौचालय निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ करा दिया गया है। नगर आयुक्त रामऔतार रमन, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, चीफ इंजीनियर जितेंद्र केन ने शौचालय निर्माण की प्रगति देखने के लिए फुलवाड़ी, संतनगर, रामगढ़, गुलरिया व हनुमान गंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुराने रामगढ़ थाने के निकट शौचालय निर्माण के लिए जगह समुचित नहीं दिखी। नगर आयुक्त ने बताया कि यदि वहां शौचालय का निर्माण कराया जाएगा, तो जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। वहीं कुछ ऐसे स्थान भी थे, जहां 12 शीट के स्थान पर छह शीट के शौचालय से काम चल सकता था। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के अवर अभियंताओं को शौचालय निर्माण के उचित स्थान खोजने के निर्देश दिए। इस दौरान रामगढ़ रोड पर सफाई व्यवस्था भी देखीं, निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी मिलने पर सेनेटरी इंसपेक्टर, सुपरवाइजर को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेई सोमेश वर्मा, अजय मिश्रा, सेनेटरी इंसपेक्टर एनएल कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।