ठगी होने के विरोध में हंगामा करती महिलाएं।
नोटबंदी के बाद जनता को ठगने के लिए तरह-तरह के जाल बिछाए जा रहे हैं। बोद्धाश्रम रोड स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में पेटीएम कार्ड बनाने के लिए कुछ युवकों ने कैंप लगाया। आरोपियों ने बताया कि कार्ड बनाने के बाद पांच हजार रुपये खाते में आएंगे। सोमवार को जागरूक लोगों ने फार्म भरवा रहे युवकों से पूछताछ की तो कलई खुलती देख युवक भाग गए।
ई-पेमेंट के लिए मोबाइल एप पेटीएम का तो नाम अक्सर लोगों ने सुना है। मगर पेटीएम कार्ड बनाने और खाता खोलने पर पंाच हजार रुपये भी आएंगे। ये सुनकर सैकड़ों लोग माहेश्वरी धर्मशाला में कैंप में पहुंच गए। कैंप लगाने वाले युवक खुद उगाही न करके बाहर से फार्म लाने को बोलते हैं, जो फार्म पांच से दस रुपये में बिक रहा है। यह फार्म धर्मशाला के बाहर बैठा एक व्यक्ति बेच रहा था। आईडी में आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं। भीड़ एकत्रित देख क्षेत्र के कुछ लोगों ने पूछताछ की तो युवक ठगी की कलई खुलती देख भाग गए। युवकों के भागते ही लोग भड़क गए और नारेबाजी करने ले। कुशवाह नगर से आई राजकुमारी ने कहा कि तीन फार्म भर दिए, बताया कि पांच हजार रुपये आएंगे लेकिन फार्म भरने के बाद हमें कुछ नहीं लौटाया। इस दौरान ज्ञानदेवी, शीलादेवी, राजवेटी, गीता देवी, फूलवती, सीमा, गिरीशबाबू आदि रहे।