फिरोजाबाद। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को जिले की पांचों तहसीलों में कृषि विभाग की टीमों ने छापामार कार्रवाई की। अनियमितताएं मिलने पर 5 खाद विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 2 दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि उर्वरकों के 6 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि रेट व स्टॉक बोर्ड न लगाने, बिक्री पंजिका अधूरी मिलने और खतौनी न लेने पर लक्ष्य खाद भंडार, राजपूत खाद भंडार और न्यू सुभाष खाद भंडार (सभी अरांव) को नोटिस दिए गए। वहीं, जांच के दौरान दुकान बंद कर भागने पर एग्री जंक्शन केंद्र (बनवारा रोड, अरांव) और ज्योतिपथ एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (सिरसागंज रोड, अरांव) के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। उप निदेशक कृषि सत्येंद्र प्रताप सिंह ने फिरोजाबाद तहसील में एक नमूना लेकर 2 दुकानदारों को नोटिस दिए, अपर जिला कृषि अधिकारी विष्णु शंकर ने 2 नमूने तथा भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार ने टूंडला क्षेत्र से 1 नमूना जांच हेतु भेजा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी और एसएसपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा इफ्को की 1,340 मीट्रिक टन यूरिया की नई रैक भी आ चुकी है। खाद संबंधी समस्या या अधिक वसूली की शिकायत के लिए किसान कृषि विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 9084557126 पर संपर्क कर सकते हैं।