फिरोजाबाद। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में बाल वैज्ञानिकों के पंजीकरण को विद्यालय गंभीर नहीं है। अभी तक जिले में एक भी बाल वैज्ञानिक का पंजीकरण नहीं हुआ है। विद्यालयों द्वारा पंजीकरण कराने में रुचि नहीं दिखाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने नाराजगी जताई हैं।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में आनलाइन पोर्टल जुलाई में ही ओपन हो गया था, लेकिन डेढ़ माह में जिले में एक भी विद्यार्थी पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हुआ है। पंजीकरण में शिक्षकों को दिक्कत न हो इसके लिए विभाग ने अब शिक्षकों को प्रशिक्षित किए जाने तैयारी की है। प्रत्येक ब्लॉक में विज्ञान के शिक्षकों के लिए अलग-अलग तिथि में प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित स्थानों पर आयोजित होंगे। प्रशिक्षण प्राप्त कर शिक्षक अपने विद्यालयों के बच्चों का पंजीकरण पोर्टल पर आसानी से करा सकेंगे।
चयनित विद्यार्थियों को मिलते हैं 10 हजार रुपये
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए योजना का संचालन किया जा रहा है। जिससे बच्चों को विज्ञान को प्रयोगों के आधार पर समझने मौका मिलता है। विज्ञान पर आधारित मॉडल या प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये शासन के द्वारा चयनित विद्यार्थियों को प्रदान किए जाते हैं।