शिकोहाबाद। बैनर लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। इसमें पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर जिम संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में शुक्रवार को भीम आर्मी के पदाधिकारी भी प्रभारी निरीक्षक से मिले और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को एटा चौराहे के समीप सर्विस रोड स्थित एक मकान में जिम खुली है। इस जिम के संचालक ने बैनर बनाया था और मकान की तीसरी मंजिल पर उसे लगवाया जा रहा था। जब पीड़ित का बेटा आयुष कुमार (20) होर्डिंग्स लगाने का कार्य कर रहा था। उसने जिम संचालक के अनुसार पुराना बैनर उतार कर नया लगाने के लिए कहा। इस पर उसके बेटे ने बैनर लगाने से मना किया। उसकी मकान की तीसरी मंजिल के समीप से 11 हजार की लाइन जा रही है। इस पर जिम संचालक ने कहा कि हमने विद्युत विभाग को फोन कर लाइन कटवा दी है। बैनर लगा दो। इस पर पीड़ित का बेटा आयुष कुमार और अर्पित फ्लैक्स लगाने लगे। 11 हजार की लाइन चालू होने के कारण प्लैक्स में करंट आ गया और पीड़ित का बेटा बुरी तरह से झुलस गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जिम संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर गैट फिट जिम के संचालक शुभम, राजेश उर्फ मन्नू और सुमित चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।