फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू की अवधि दो दिन और बढ़ा दी है। हालांकि कोरोना कर्फ्यू में लोगों की आवाजाही कम नहीं हो रही है। कर्फ्यू के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ नजर आ रही है तो मेडिकल स्टोर्स के साथ चिकित्सकों की क्लीनिकों पर सामाजिक दूरी तार-तार हो रही है।
कोरोना कर्फ्यू के तीसरे दिन सोमवार को सुभाष तिराहे पर दोपहर करीब 12 बजे चहलपहल रही। सुभाष तिराहे पर फल विक्रेताओं की ठेलों के आसपास भीड़भाड़ थी। लोग बिना मास्क फल आदि खरीद रहे थे। क्लब चौराहा स्थित चिकित्सक के क्लीनिक पर भी भीड़ लगी थी।
लोग कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरी तरह लापरवाह नजर आए। सदर बाजार स्थित मेडिकल स्टोरों पर भी भीड़ लगी रही। मुस्लिम बहुल क्षेत्र इमामबाड़ा से लेकर जाटवपुरी चौराहा तक भी काफी चहल पहल थी। बजरिया स्थित सब्जी मंडी में भी विक्रेता बिना मास्क दुकानों पर बैठे थे। हालांकि मंडी में भीड़भाड़ नहीं थी। कोटला रोड, जलेसर रोड और सदर बाजार में भी लोग बिना रोकटोक सड़कों पर घूम रहे थे।
किसी भी चौराहे पर नजर नहीं आई पुलिस
कोरोना कर्फ्यू के तीसरे दिन सोमवार को सुहागनगरी के किसी भी चौराहे पर पुलिस नजर नहीं आई। सुभाष तिराहे पर पुलिसकर्मी नहीं थे तो नगला बरी, जाटवपुरी और आसफाबाद चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस पुलिस मौजूद थी। सुहागनगर चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात थे। हालांकि पुलिस के सामने भी लोगों की आवाजाही जारी रही।