फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न बिजली न शुद्ध पानी, कैसे चलेगी जिंदगानी

Sun, 23 Apr 2017 10:41 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला फिरोजाबाद
विज्ञापन
हिमायूंपुर में दू‌षित पानी की आपूर्ति हुई।
विज्ञापन
एक तरफ जहां गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है, वहीं बिजली और दूषित जल ने भी जीना दूभर कर दिया है। शहर में पेयजल संकट को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। बिजली के अभाव में नलकूप न चलने से टंकियां भी नहीं भर पा रहीं है। वहीं दूसरी ओर शहर की जनता झागदार और बदबूदार पानी की समस्या से जूझ रही है। इस ओर न तो जनप्रतिनिधि और न ही अधिकारी ध्यान दे रहे हैं।  
विज्ञापन

शासन के 24 घंटे बिजली देने के आदेश के बावजूद अघोषित कटौती जारी है। बिजली संकट के कारण शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। साथ ही दूषित पेयजल की समस्या भी गंभीर रूप लेती जा रही है। नाले-नालियों में पड़ी पाइप लाइनों के जरिए घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। शहर के मोहल्ला हिमायूंपुर, अशर्फीनगर, गांधीनगर, तिलक नगर, सुभाष कालोनी सहित कई क्षेत्रों में दूषित पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। पाइप लाइनों के सहारे घरों तक दुर्गंध युक्त पानी पहुंच रहा है, जिससे पीना तो दूर नहाने, धोने में भी प्रयोग नहीं कर सकते।
आठ से दस घंटे हो रही बिजली कटौती
हाईवे पर 33 केवी की लाइन शिफ्ट करने के नाम पर बिजली विभाग सुबह से शाम तक आधे शहर की बत्ती गुल कर देता है। हर रोज आठ से 10 घंटे बिजली कटौती से शहर की आगरा गेट, हिमायूंपुर, ग्रीन पार्क, आगरा गेट, प्रीतम नगर, विभव नगर, गढ़ैया मोहल्ला, हनुमान जलाशय व संतनगर टंकियां खाली रह जाती हैं, जिससे पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है।
विज्ञापन

संतनगर कांड के भी अफसर नहीं दिखाते गंभीरता
संतनगर में कई साल पूर्व दूषित पेयजल आपूर्ति से डायरिया फैलने से कई बच्चों की मौत हो गई थी। इसमें कई अफसर निलंबित भी हुए। इसके बाद भी नगर निगम प्रशासन दूषित पेयजल की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा। शायद उन्हें किसी हादसे का इंतजार है।
दो महीने परेशान, नहीं हो रही सुनवाई
अचल पैलेस के पीछे हिमायूंपुर में पिछले दो माह से दूषित पेयजल की समस्या बनी हुई। अमर उजाला की टीम क्षेत्र का जायजा लेने पहुंची तो लोग ड्रम, बाल्टी व बर्तनों में दूषित पानी भरकर लाए, जिसमें झाग उठने के साथ तीव्र दुर्गंध उठ रही थी। उस का पानी को पीने से अच्छा खासा आदमी संक्रामक रोग की चपेट में आ सकता है।
(बातचीत के हाफ कालम फोटो हैं)
बोली जनता
हिमायूंपुर निवासी विजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से दूषित पानी आ रहा है। समस्या के निदान को कई बार कार्यालय के चक्कर काटे, कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। वहीं, कृपाशंकर राठौर का कहना है कि दो माह दूषित पानी आने के कारण प्राइवेट सबमर्सिबल से मोल पानी खरीदने को मजबूर हैं। वहीं, न्यू तिलक नगर निवासी मोहन सिंह का कहना है कि मोहल्लों में नालियां चोक होने के कारण पाइप लाइन से घरों में दूषित पानी आ रहा है। जलकल विभाग की टीम देखने आई थी लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका। सुभाष कालोनी निवासी रामादेवी का कहना है कि मोहल्ले में कई दिनों से गंदा पानी आ रहा है, जिससे नहाने में भी बदबू आती है। शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई।


बिजली कटौती के कारण शहर में पेयजल समस्या दूर नहीं हो पा रही है। हिमायूंपुर में दूषित पेयजल की समस्या के निदान के लिए टीम लगा दी गई है। तिलक नगर, सुभाष कालोनी में पेयजल समस्या के निदान को एक नलकूप व सबमर्सिबल लगवाई जा रही है। पाइप लाइन भी बदली जा रही है।
विज्ञापन

पी.के. सिंह, अवर अभियंता-जलकल विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें