शिकोहाबाद। घर में टोटका करने को लेकर पड़ोसियों में विवाद हो गया। देखते ही देखते पड़ोसियों ने घर में घुसकर दंपती और अन्य परिजन को बेरहमी से पीटा। घायल युवक के सिर में 20 से अधिक टांके आए हैं। गंभीर हालत में पीड़ित ने परिजन के साथ थाने आकर घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौशहरा हाईवे के पास निवासी पवन कुमार अपनी पत्नी प्राची तथा बहन शिवानी के साथ घर पर मौजूद था। आरोप है कि बुधवार रात उसके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उसके घर पर टोटका कर दिया। इस बात का जब पवन ने विरोध किया, तो पड़ोस में रहने वाले दबंगों ने एकजुट होकर घर में घुसकर पवन की पिटाई कर दी। पवन की चीखपुकार की आवाज सुनकर उसकी पत्नी तथा बहन जब बचाने के लिए दौड़ीं, तो दबंगों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस घटना में युवक लहूलुहान हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसका रात में संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराया। जहां उसके सिर में 20 से अधिक टांके आए हैं। बृहस्पतिवार को थाना पुलिस को शिकायत करने पहुंचे पवन ने इंस्पेक्टर को बताया कि उसके सिर में बाइक के चेन स्पॉकेट से सिर पर प्रहार किया गया। इससे उसके सिर एवं कान के पास गंभीर चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना का मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है।