एमजी बालिका इंटर कालेज में नवोदय परीक्षा देते परीक्षार्थी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जनपद के नौ केंद्रों पर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं के दाखिले के लिए कराई गई लिखित परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रभारी डीआईओएस अशोक अनुरागी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई परीक्षा में पंजीकृत 3708 परीक्षार्थियों में से 2899 परीक्षार्थी शामिल हुए। शेष 809 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। गोपीनाथ इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अजय सिंह के निर्देशन में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। वहीं एमजी इंटर कॉलेज में सर्वाधिक परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
इस्लामिया इंटर कॉलेज, पीडी जैन इंटर कॉलेज, शिकोहाबाद के एके इंटर कॉलेज, नारायण इंटर कॉलेज, बीडीएम इंटर कॉलेज, पाली इंटर कॉलेज में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुई। सिरसागंज में एमडी जैन इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया। परीक्षा के बाद कई परीक्षार्थियों के चेहरों पर मुस्कान रही तो कई परीक्षार्थी निराश भी दिखे।
परीक्षा केंद्रों की बाहर रही भीड़
कक्षा छठवीं में दाखिले के लिए कराई गई परीक्षा में परीक्षार्थियों के साथ अभिभावक भी आए। परीक्षा छूटने पर केंद्रों के बाहर जाम की स्थिति बनी रही।