फीरोजाबाद। मोहम्मदपुर बिहारीपुर के बाशिंदों के पास वोटरकार्ड तो हैं लेकिन पंचायत की मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं किया। सोमवार को ग्रामीणों ने मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए इसमें मनमानी करने वाली बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर बिहारीपुर दो मजरों में बंटी हुई है। प्रथम मजरा मोहम्मदपुर तथा दूसरी बिहारीपुर है। इन दोनों के मध्य दूरी करीब दो किलोमीटर की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बीएलओ सुनीता देवी ने लापरवाही के साथ सूची को तैयार किया है। बिहारीपुर के बाशिंदों के नाम नई मतदाता सूची में शामिल ही नहीं किए हैं। हर चुनाव में 80 से सौ के करीब वोट डालते चले आए हैं। लेकिन इस बार वोट डालने से वंचित किया जा रहा है। जबकि मोहम्मदपुर के नाबालिगों तक के नाम शामिल कर लिए हैं। करीब सौ से 120 वोट गलत तरीके से बनाए हैं। ग्रामीणों एवं महिलाएं जिला मुख्यालय पर अपने साथ वोटरकार्ड लेकर आए थे। उन्होंने डीएम से छोटे गए नाम शामिल कराने तथा स्वामी बालिकानंद उच्चतर माध्यमिक स्कूल तोतलपुर को पुन: मतदान स्थल बनाए जाने की मांग की है। मांग करने वालों में राकेश कुमार, अशोक कुमार, हसीनों देवी, सोनी, दिलीप, बबलू, सुमन देवी, ममता, दयाशंकर, इंद्रवती, नेमादेवी, चरन देवी, वीरवती, राम भजन, निहाल सिंह, राम सिंह, ऊषा देवी, रामऔतार सिंह, महेश सहित काफी ग्रामीण शामिल थे।