फिरोजाबाद। सांसद आदर्श गांव योजना में चयनित गांवों का सांसद आदर्श नहीं बना सके। इन गांवों का अभी तक कायाकल्प नहीं हो सका। किसी में आंगनबाड़ी केंद्र अधूरा है तो कहीं पाइप पेयजल योजना का काम नहीं हो सका। ग्रामीण आज भी विकास की राह देख रहे हैं। क्या जनप्रतिनिधि इन अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण कराने की ओर ध्यान देंगे। ताकि ग्रामीण सांसद आदर्श गांव योजना के तहत इन गांवों का विकास हो सके।
सांसद आदर्श ग्राम योजना की शुरूआत यूं तो 2017 में हो गई थी। लेकिन प्रथम एवं द्वितीय चरण दो वर्ष तक 2017 व 2018 में गांवों का चयन नहीं हुआ था। 2019 में सपा के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव ने मदनपुर ब्लाक के बलीपुर तपस्या गांव का चयन किया था। इस गांव को यदि छोड़ दें तो अभी तक किसी गांव में विकास कार्य पूरे नहीं हो सके। चतुर्थ चरण में सांसद डा. चंद्रसेन जादौन ने रजावली गांव टूंडला ब्लाक तथा राज्यसभा सांसद डाॅ. अनिल जैन ने मदावली गांव का चयन किया था। इनमें रजावली गांव में आंगनबाड़ी केंद्र भवन का काम अभी तक अधूरा है।
हालांकि निर्माण कार्य चलना बताया जा रहा है। जबकि मदावली में आंगनबाड़ी केंद्र भवन के साथ-साथ पाइप पेयजल योजना का काम अभी तक अधूरा है। पांचवा चरण में कारीखेड़ा गांव का चयन किया था। इस गांव में 20 काम कराए जाने थे। लेकिन यहां अभी तक 18 काम ही पूरे हो सके है। सांसद आदर्श गांव योजना में चयन होने के बाद भी अभी तक विद्युतीकरण का काम नहीं हो सका है। इसके साथ ही पाइप पेयजल योजना के तहत हर घर नल से जल का काम अधूरा पड़ा है। इसके साथ ही छटवां चरण में सदर ब्लाक के सरगवां का चयन किया था। इस गांव में 20 गांवों में से 17 पूर्ण हो सके।
इस गांव के पात्रों को आवास नहीं मिले तो वहीं नाली निर्माण काकाम बजट के अभाव में अटका हुआ है। पाइप पेयजल योजना का काम अभी तक अधूरा है। ग्रामीण हैंड़पंप अथवा दूसरे संसाधनों से पेयजल का इंतजाम करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत काम तो कराए गए। लेकिन जिस तरह का विकास होना चाहिए वह दिखाई नहीं दिया।
अब इन गांवों को हुआ चयन..
सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत हाथवंत ब्लाक के नगला किरार का चयन सप्तम चरण तथा अष्टम चरण में इसी ब्लाक के गांव जरौली का चयन किया है। इन दोनों गांवों के समुचित विकास के लिए विभागों से प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। ताकि गांवों का विकास हो सके।
- सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों का समुचित विकास कराया जाएगा। जिन विभागों के काम अधूरे रह गए हैं उनकी कार्ययोजना बनवा दी गई है। शीघ्र ही अधूरेकाम पूर्ण कराएजाएंगें। ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - डा. चंद्रसेन जादौन, सांसद फिरोजाबाद