शिकोहाबाद बाइक सवार युवकों की पिटाई से आये युवक की जांच करते डॉक्टर अभिषेक और स्टाफ।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। हाईवे पर आरोंज की पुलिया के पास सोमवार शाम को दो बाइकों पर सवार युवकों ने ऑटो सवार दो युवकों को पकड़ कर जमकर पीटा। इसमें एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक के घायल साथी से पूछताछ कर जांच कर रही है।
सिरसागंज के गांव सेख की सराय निवासी रतन सिंह (22) पुत्र चंदू दोस्त मनीष (20) पुत्र ध्यानपाल और एक अन्य युवक के साथ ऑटो से हाथवंत रिश्तेदारी में गया था। मनीष का आरोप है कि जब वे हाथवंत से लौट रहे थे, तभी लभौया के पास से दो बाइकों पर सवार पांच-छह युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मनीष ऑटो चला रहा था और रतन व दूसरा साथी ऑटो में बैठे हुए थे। मनीष का कहना है कि आरौंज की पुलिया के पास बाइक सवार युवकों ने ऑटो के सामने बाइक लगा दी और लात-घूसों से जमकर पीटा।
मनीष मुताबिक हमलावर मोबाइल और पांच हजार रुपये भी ले गए। बताया कि बाइक सवारों ने भागते समय उसे भी खेत में पकड़ लिया था और बुरी तरह पीटा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस दोनों को अस्पताल लाई। यहां रतन सिंह को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही रतन सिंह के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए।
थाना पुलिस प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मान कर चल रही है। पुलिस का कहना है कि रतन सिंह शराब पिये हुए था। कयास लगाया जा रहा है कि कहीं शराब में कोई विषैला पदार्थ तो नहीं पिलाया है। पुलिस मृतक के साथी से इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
दो भाइयों में छोटा था रतन
रतन दो भाई हैं। बड़ा भाई कमल किशोर का कहना है कि रतन की दो साल पूर्व शादी हुई थी। उस पर छह माह की एक बेटी है। उसकी पत्नी प्रियंका को जब उसकी मौत की खबर मिली तो गश खाकर गिर पड़ी। परिवारीजन रतन की मौत से स्तब्ध हैं।