फिरोजाबाद। बंदरों के आतंक से शहर के आम जन को मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कवायद और तेज कर दी है। नगर निगम ने वन विभाग से 2500 और बंदरों को पकड़ने की अनुमति मांगी है। नगर आयुक्त ने गत दिवस इस आशय का एक पत्र वन विभाग को लिखा है।
तीन दिन तक चली कवायद के बाद निगम महज 264 बंदरों को ही पकड़कर सिरसागंज स्थित स्वरूपपुर वन रेंज भेज सका। नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने प्रभागीय वन निदेशक सामाजिक वानिकी को पत्र लिखा है। नगर आयुक्त ने वन विभाग से 2500 बंदर पकड़ने की मांग की है। नगर आयुक्त ने वन विभाग को लिखे पत्र पर प्रभावी कार्यवाही के लिए निदेशक वन्य जीव लखनऊ से आख्या मांगी है। इस मामले में क्षेत्रीय वन अधिकारी स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक बंदर पकड़ने के साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए फिलहाल स्वरूपपुर वन रेंज चिह्ति है। लेकिन ज्यादा संख्या होने के कारण ही निदेशालय अनुमति मांगी जा रही है।