जसराना। थाना क्षेत्र के गांव मिलावली में खेतों पर रखी बाजरा की करब एवं धान की पुआल में आग लगने से चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। पीडित ने रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है।
थाना जसराना क्षेत्र के गांव मिलावली निवासी ज्ञान सिंह गांव से बाहर झोपड़ी डालकर रहते हैं। उनकी झोपड़ी के पास ही बाजरा की करब एवं धान की पुआल रखी हुई थी। शनिवार की देर शाम अचानक करब से आग की लपटें निकलने लगी।
आग को देख झोपड़ी में मौजूद लोगों ने चीखना चिल्लाना शुरू किया तो लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास करने के साथ दमकल को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल के साथ पाढ़म चौकी से पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझती करब एवं पुआल जलकर राख हो गई।