फिरोजाबाद। शहर में पार्किंग की व्यवस्था के लिए निगम प्रशासन मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाएगा। मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए भूमि चिहिंकरण का काम पूरा हो गया है। इसके अलावा बच्चों को चांद-तारों की हकीकत जानने के लिए मून म्यूजियम और चिड़ियाघर में सैर का भी मौका हाथ लगेगा। नगरीय विकास योजना के तहत नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को करीब 35 करोड़ की लागत वाले विकास कार्याें के पांच प्रस्ताव मंजूरी के लिए शासन को भेजे हैं। इनमें शहर की पांच लंबी व अत्याधिक आवागमन वाली पांच सड़कों के कायाकल्प की योजना है। इन प्रस्तावों का अनुमोदन के लिये मंडलायुक्त के समक्ष भी प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
गांधी पार्क में बनेगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग-
नगर निगम प्रशासन ने पालीवाल ऑडिटोरियम के सामने स्थित खाली भूमि पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना तैयार की है। इसकी डीपीआर शासन को भेजी गई है। करीब पांच करोड़ की लागत वाली कार्ययोजना इसी सप्ताह अनुमोदन के लिये मंडलायुक्त आगरा के समक्ष प्रस्तुत की जायेगी। नगरीय विकास योजना के तहत बनाये प्रस्ताव के पीछे शहर में पॉर्किंग की समस्या के निदान का उद्देश्य है।
-सुरेश नगर में बनेगा वंडर टू वेस्ट पार्क
ककरऊ कोठी के समीप सुरेश नगर में हाल ही करीब 13 एकड़ बेशकीमती भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस भूमि पर निगम ने वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने की योजना बनाई है। इस केंद्र पर कांच व सिरेमिक आयटम के अपशिष्टों के प्रबंधन व बेकार को आकार की थीम पर नये उत्पादों का निर्माण होगा। इस कार्य योजना पर भी पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
-सोफीपुर में बनेगा चिड़ियाघर
यमुना की तलहटी में बसे सोफीपुर प्राकृतिक धरोधरों का केंद्र है। यहां पर विदेशी पक्षियों को लुभाने के लिए उपयुक्त माहौल भी है। नगर निगम ने इस जगह पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत चिडियाघर बनाने की योजना बनाई है। करीब पांच करोड़ की कार्य योजना शासन को भेजी जाएगी।
-चांद-तारों के सजीव नजारे देखेंगे बच्चे
नगर निगम द्वारा बुधवार को शासन को भेजे विकास योजना के प्रस्तावों में से एक रहना बिजलीघर के समीप खाली भूमि पर अंतरिक्ष प्रेक्षागृह बनाने का प्रस्ताव भी है। इस कार्य योजना पर करीब 10 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। इस केंद्र पर स्कूली बच्चों व विज्ञान वर्ग में अध्ययनरत छात्रों को चांद और तारों के बारे में नजदीकी से जानने का अवसर सुलभ होगा।
नगरीय विकास एवं स्मार्ट सिटी योजना के तहत निगम द्वारा करीब 35 करोड़ की लागत वाले पांच नए प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। इन प्रस्तावों को अनुमोदनार्थ मंडलायुक्त के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाएगा। उम्मीद है कि उक्त सभी पांच कार्य योजना जल्द ही धरातल पर दिखाई देगी।
आशीष शुक्ल, एक्सईएन निर्माण नगर निगम