फिरोजाबाद। सोमवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं। सदर विधायक ने नदी की सफाई और मेडिकल कॉलेज में एमआरआई का मुद्दा उठाया।
शिकोहाबाद विधायक ने क्षेत्र में खारे पानी की समस्या और सांसद डा. चंद्रसेन जादौन ने आलू अ धारित संयत्र और सिटी बस चलाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग से शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया।
सदर विधायक मनीष असीजा ने टूंडला और नारखी डार्क ब्लॉक की समस्या को उठाते हुए हाथरस से आने वाली नदी को सफाई करा कर पानी का बहाव तेज करने का अनुरोध किया। मेडिकल हॉस्पिटल के लिए एमआरआई मशीन की मांग की।
विधायक शिकोहाबाद डा. मुकेश वर्मा ने अपने क्षेत्र बसई मोहम्मदपुर के लिए कई योजना और खारेपानी की समस्या को उठाया। सांसद डॉ चंद्र सेन जादौन दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंस पर जुड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिले के लिए आलू फैक्ट्री लगाने तथा सिटी बस चलवाने के लिए भी मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र की जन समस्याओं को त्वरित व स्थलीय समाधान के लिए निर्देश दिए।
अस्पतालों में आक्सीजन की उपलब्धता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जनपद के अधिकारियों को कोविड के तहत डोर टू डोर सर्वे कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कोविड के अस्पतालों में ऑक्सीजन का 48 घंटे बैकअप अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहना चाहिए।
पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाए। आपराधिक घटनाओं पर पुलिस की जिम्मेदारी तय कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। पशु चिकित्सा विभाग एवं संबंधित एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के गो-आश्रय स्थलों का नियमित तौर पर निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए। इस दौरान विकास भवन स्थित एनआईसी में जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे।