- ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर आगरा किया था रेफर
- गुस्साए परिजन ने अस्पताल के बाहर किया हंगामा, स्टाफ भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। प्रतापपुर चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक विवाहिता की ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने से आगरा में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार देर रात शव को अस्पताल के बाहर रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
गांव पीथेपुर थाना अरांव की निवासी प्रीति देवी (32) को बीते बृहस्पतिवार को अचानक प्रसव पीड़ा हुई थी। मृतका के पति मानेंद्र सिंह के अनुसार गांव की आशा कार्यकर्ता ने उन्हें प्रसव के लिए शिकोहाबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। शुक्रवार को चिकित्सकों ने प्रीति देवी का ऑपरेशन किया, जिसके बाद उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, बच्ची को जन्म देने के तुरंत बाद ही प्रीति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। अस्पताल स्टाफ ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
आरोप है कि परिजन प्रीति को लेकर आगरा के एक अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से गुस्साए परिजन शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे शव को लेकर वापस निजी अस्पताल पहुंचे। लेकिन, परिजन को देखकर अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया।
अस्पताल स्टाफ के भाग जाने से गुस्साए परिजनों ने शव को अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पति मानेंद्र सिंह ने सीधे तौर पर अस्पताल स्टाफ पर ऑपरेशन के दौरान घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि पूरी घटना की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि इस मामले में विभागीय जांच हो सके। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।