मासूम की हत्या के मामले में मां-बेटे को भेजा जेल
फरार एक आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, पड़ोसी ने रंजिश की थी हत्या, शव को छिपा दिया था गेहूं के बोरों के नीचे
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। रविवार सुबह दो वर्षीय मासूम बच्चे की पड़ोसियों द्वारा गला दबाकर की गई हत्या के मामले में पीड़ित पिता ने मां-बेटी व दो बेटों सहित चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गिरफ्तार मां-बेटी व एक बेटे को न्यायालय भेजा। जहां मां-बेटे को जेल भेज दिया। वहीं नाबालिग बेटी को बचपन केयर सेंटर भेजा है।
थाना नगला सिंघी के गांव ठार हाथी (कसौंदी) निवासी देवेंद्र उर्फ कल्यान सिंह के दो वर्षीय पुत्र रूपेंद्र की पड़ोसी मां-बेटी, बेटों ने उस समय गला दबाकर हत्या कर दी थी, जब कल्याण सिंह खेत पर ट्रैक्टर से लेवलिंग करने गया था। काफी ढूंढ़ने के बाद बच्चे का शव पड़ौसी देवेंद्र उर्फ पप्पू के घर में बोरियों के बीच त्रिपाल से ढका हुआ मिला था। इकलौते बेटे की हत्या से कल्याण सिंह के परिवार में कोहराम मच गया था। मामले में पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। देररात मामले में मृतक रूपेंद्र के पिता कल्याण सिंह ने पड़ोसी बर्फीदेवी, उसकी पुत्री, पुत्र रॉकी उर्फ अनिल व रवि के विरुद्ध हत्या व साक्ष्य मिटाने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या के आरोपी पड़ोसी बर्फीदेवी, पुत्र रवि को जेल भेजा है। वहीं नाबालिग बेटी को बचपन केयर सेंटर नोएडा भेजा है। थानाध्यक्ष कृपाल सिंह का कहना है कि गिरफ्तार हत्यारोपी मां-बेटा को जेल भेज दिया है, नाबालिग को केयर सेंटर नोएडा भेजा है। वहीं फरार आरोपी रॉकी उर्फ अनिल की तलाश की जा रही है।