फिरोजाबाद। जिले के 2000 से अधिक माध्यमिक शिक्षकों को करीब छह माह बाद भी वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा का परीक्षक पारिश्रमिक नहीं मिला है। कुछ शिक्षकों को तीन साल पुराना पारिश्रमिक भी नहीं मिला है। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट ने चरणबद्ध धरना प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है।
यूपी बोर्ड वर्ष 2022 की परीक्षा करीब 110 केंद्र पर हुई थी। परीक्षा में करीब 2200 शिक्षकों ने कक्ष निरीक्षक ड्यूटी कार्य किया था। इसके बाद तीन केंद्रों पर करीब एक हजार शिक्षक ने मूल्यांकन कार्य किया। बोर्ड परीक्षा संपन्न हुए करीब छह माह हो गए हैं, लेकिन अभी तक शिक्षकों को न तो कक्ष निरीक्षक ड्यूटी का पारिश्रमिक मिला है तथा न ही मूल्यांकन पारिश्रमिक मिला है।
शिक्षक संगठन लगातार भुगतान की मांग कर रहे हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र यादव ने बताया कि कुछ शिक्षकों को वर्ष 2019 तथा 2020 का भी पारिश्रमिक नहीं मिला है। संघ ने मांगों को विधान परिषद समेत शिक्षा अधिकारियों के समक्ष उठाया है। जल्द भुगतान नहीं किया जाता तो आंदोलन किया जाएगा। डीआईओएस निशा अस्थाना ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के पारिश्रमिक भुगतान लिए बजट आ गया है। जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा।