फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की मोबाइल प्रयोगशाला (वैन) का जिले में आगमन हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों के नूमने लेकर जांच की। इस दौरान ढाबे और रेस्तरां से संकलित किए मिर्च पाउडर के चार नमूने असुरक्षित मिले।
अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार के नेतृत्व में जांच की गई। लोगों ने स्वेच्छा से सैंपल की जांच कराई। कुल 44 खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच की। इसमें चार नमूने असुरक्षित पाए गए। यह नमूने कठफोरी टोल से लेकर दबरई तक हाईवे पर पड़ने वाले ढाबे और रेस्तरां से संकलित किए गए थे। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मिर्च में सुडान डाई की मिलावट पाई गई। जो कपड़े रंगने में प्रयोग किया जाता है। इसका प्रयोग सब्जी में किया जाता था।
जिससे सब्जी लाल रंग की हो जाती है, जो देखने में अत्यधिक तेल का प्रयोग होने जैसा लगती है। चूंकि यह जागरुकता अभियान था, इसलिए ढाबा संचालकों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। यह मिर्च कहां से खरीदी गई, इसका पता लगाया जा रहा है। उन प्रतिष्ठानों पर छापा मार कर सैंपल जांच के लिए भेेजेंगे।