आगरा गेट स्थित मोर मेमोरियल चर्च को एनएचएआई ने मंगलवार दोपहर बाद गिराने का कार्य शुरू कर दिया। इससे चर्च के फादर और अन्य लोगों में रोष है।
मोर मेमोरियल चर्च की स्थापना 1936 में हुई थी। नगर में ये ही एकमात्र चर्च है। सिक्स लेन बनने के साथ ही यहां पर फ्लाई ओवर भी बनाया जा रहा है। चर्च के फादर अनीश जैकब ने बताया कि चर्च कंपाउंड में ही दूसरी जगह कब्रों को शिफ्ट करने लिए 45 फीट लंबा गड्ढा खोदा गया है। इन्हीं में 15 कब्रों के अवशेषों को रखकर कब्र बनाई जायेगी। उनका आरोप था कि बिना मुआवजा दिये ही चर्च को हटाया जा रहा है। समाज में मंगलवार गमी होने की बात प्रशासनिक अफसरों को बताई गई लेकिन उनकी संवेदना को भी नहीं समझा गया।
उधर, एसडीएम अवनीश कुमार बिंद ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार कब्रों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। चर्च के लोग मुआवजे के लिए आवश्यक कागजात नहीं दे रहे हैं। एनएचएआई व डीएम ने भी चर्च वालों से इस्टीमेट बनवाकर देने को कहा है। ताकि नया चर्च बनाकर दिया जा सके लेकिन ये लोग अनावश्यक हीला हवाला करते रहे।