फिरोजाबाद। मनरेगा योजना में शनिवार शाम को आखिरी बजट का आवंटन हो गया। बजट आवंटित होने की जानकारी पर जिले के सभी नौ ब्लॉकों के साथ-साथ विभागीय अधिकारी भुगतान करने में जुट गए। सामग्री अंश के करीब नौ करोड़ रुपये से अधिक धनराशि का भुगतान किए जाने की प्रक्रिया शनिवार देरशाम तक चलती रही। पूरे प्रदेश में भुगतान की प्रक्रिया चलने के कारण साइट काफी धीमी चलती रही। 31 मार्च तक मनरेगा योजना में और बजट आवंटित होने की उम्मीद है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत शासन से बजट का आवंटन नहीं होने के कारण सामग्री अंश का भुगतान नहीं हो सका था। हालांकि अब वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में शासन से 1221 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। बजट का आवंटन होने की जानकारी पर स्टाफ ब्लॉकों के डोंगल लेकर विकास भवन पहुंच गए।
एपीओ रामविलास दोहरे ने बताया कि जिले में एका, जसराना का सामग्री अंश का पूरा भुगतान कर दिया गया है। मदनपुर ब्लॉक का भुगतान होने के करीब है। इसके साथ खैरगढ़, टूंडला, नारखी, फिरोजाबाद और शिकोहाबाद ब्लॉक में भुगतान किए जाने की कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि करीब पांच करोड़ रुपये का भुगतान हो गया है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, लघु सिंचाई विभाग एवं उद्यान विभाग को भी भुगतान करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में 31 मार्च के करीब और बजट मिलने की उम्मीद है।