उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले आए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने राम मंदिर की सुरक्षा पर सेंध को लेकर तीखे तेवर दिखाए। कहा कि राम मंदिर में नमाज पढ़ने की कोशिश करने वाला बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई होगी। वहीं उन्होंने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
अयोध्या के राम मंदिर की सुरक्षा में चूक और एक कश्मीरी नागरिक द्वारा नमाज पढ़ने के मामले में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने स्पष्ट किया है कि उसे बख्शा नहीं जाएगा। रविवार को फिरोजाबाद आए बीएम वर्मा ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस की रणनीति पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि भाजपा सरकार किसी भी अपराधी या भ्रष्टाचारी को बख्शने वाली नहीं है।
विज्ञापन
अयोध्या के राम मंदिर की सुरक्षा में चूक और एक कश्मीरी नागरिक द्वारा नमाज पढ़ने के मामले में दो टूक कहा, उत्तर प्रदेश में 2017 से योगी आदित्यनाथ की सरकार है, जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त है। राम मंदिर की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। सरकार कड़ाई से काम कर रही है।
ईडी और ममता बनर्जी के बीच चल रही तकरार पर बीएल वर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की बौखलाहट अब साफ दिखने लगी है। उन्होंने कहा कि ममता जी को डर है कि कहीं उनके भ्रष्टाचार की परतें न खुल जाएं, इसलिए वह स्वतंत्र एजेंसियों के काम में बाधा डाल रही हैं। जनता अब उन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार है, उनकी सरकार अब बचने वाली नहीं है।
विज्ञापन
अखिलेश की एफआईआर की धमकी पर पलटवार
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा वोट कटने पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देने के सवाल पर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य केवल शुद्ध मतदाता सूची बनाना है, इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश भर में कार्यक्रम करने की कांग्रेस की योजना पर मंत्री ने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस मुक्त भारत चाहती है। कांग्रेस हर चुनाव से पहले गठबंधन और नए पैंतरे आजमाती है, लेकिन नतीजा हमेशा शून्य रहता है। इनका अब कुछ होने वाला नहीं है।