अप्रैल के आगाज के साथ पारा चढ़ता जा रहा है। रविवार को शहर में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। सुबह से निकलने वाली तेज धूप ने हाल-बेहाल कर दिया। सुबह ग्यारह बजे ही हाईवे से मुख्य मार्गों तक सन्नाटा नजर आया। बढ़ती गर्मी के साथ ही बिजली कटौती ने भी परेशानी बढ़ा दी है।
दुकानदार दिन में खाली बैठे नजर आते हैं। धूप से बचने के लिए लोग घर से खुद को ढककर निकल रहे हैं। 40 पर पहुंचे पारे ने हर किसी को झुलसा दिया। तो वहीं सुहागनगरी में पारा चढ़ने के साथ रात में मुरादाबाद कंट्रोल से बदस्तूर कटौती की जा रही है। पिछले 15 दिनों से लगातार मुरादाबाद कंट्रोल से रात में रोस्टिंग की जा रही है। दिन के समय लोकल स्तर पर घंटों सप्लाई काटी जा रही है। शनिवार रात में मुरादाबाद कंट्रोल से 10.50 से एक बजकर 50 मिनट तक देहात क्षेत्र में तीन घंटे कटौती की गई। इसके बाद एक बजकर 50 मिनट से तीन बजकर 50 मिनट तक शहर में कटौती की गई। रात में घंटों तक कटौती होने से लोग गर्मी से परेशान नजर आए।
सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगवाने के निर्देश
सुहागनगरी में सार्वजनिक स्थलों से लेकर मुख्य बाजारों तक प्यास बुझाने का कोई इंतजाम नहीं है। नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख बाजारों में प्याऊ लगवाने के निर्देश जारी किए हैं। सचिव श्रीप्रकाश सिंह ने समस्त मंडलायुक्त, डीएम, नगर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि प्याऊ लगवाए जाएं। शहर के प्रमुख सुभाष तिराहा, बसस्टैंड, गांधीपार्क, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, घंटाघर, नालबंद, रसूलपुर से लेकर प्रमुख चौराहों आसफाबाद, जाटवपुरी, नगला बरी, कोटला चुंगी व जलेसर रोड जैसे चौराहों पर भी पानी का इंतजाम नहीं है।
सामाजिक संस्थाएं भी नहीं दिखा रही सक्रियता
सामाजिक संस्थाएं भी प्याऊ लगवाने की पहल नहीं कर रही हैं। हर बार प्रमुख मार्गों पर प्याऊ लगवाए जाते थे। लेकिन इस बार ऐसी कोई पहल नहीं हुई। गर्मी में पानी के पाउच की डिमांड बढ़ने के साथ दुकानदार भी एक रुपए में मिलने वाला पाउच दुकानदार दो-दो रुपए में बेच रहे हैं।