फिरोजाबाद। पुरातत्व विभाग की टीम ने गांव चंद्रवाड़ स्थित राजा चंद्रसेन के किले की सोमवार को पैमाइश कराई। सरकार ने इस किले को संरक्षित स्मारक घोषित किया है। किले के संरक्षण एवं विकास के प्रयास शुरू हो गए हैं। रविवार को लखनऊ और आगरा से आई पुरातत्व विभाग की टीम ने किले का दौरा किया था। साेमवार को टीम दोपहर दो बजे फिर से किले पर पहुंची। राजस्व और वन विभाग की टीम भी उपस्थित रही। इसके बाद किले से यमुना, जैन मंदिर और कुष्मांडनी कुंड तक जाने के लिए रास्ता बनाने पर चर्चा हुई। लेखपाल और काननूगो की मदद से पैमाइश कराई गई। अधिकारी अब डीपीआर तैयार करेंगे। इस दौरान डीएफओ विकास नायक, एसडीएम सदर विकल्प और समाजसेवी नीतेश अग्रवाल जैन उपस्थित रहे।