उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में भांजे की शादी में शामिल होने आए मामा की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना से खुशियों वाले घर में मातम छा गया। खबर पाकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र के अग्रवाल मोहल्ला निवासी लालाराम वाल्मीकि के बेटे प्रमोद कुमार (24) अपने भांजे की शादी में शामिल होने जसराना आए थे। गुरुवार की शाम बारात जसराना थाना क्षेत्र के गाड़ीवान मोहल्ला से जानी थी। इससे पहले प्रमोद किसी काम से मैनपुरी लौट रहा था। इसी बीच जसराना थाना क्षेत्र में घिरोर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल होकर वहीं गिर गया।
तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजन को दी। इससे पहले कि उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर चीख पड़े। शादी वाले घर में मातम पसर गया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कार्रवाई की जाएगी।