उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस विभाग में तैनात सिपाही को प्यार के जाल में फंसा लिया। पुलिसकर्मी द्वारा शादी से इन्कार करने पर उससे 10 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न करने पर फर्जी केस में फंसाने एवं जान से मरवाने की धमकी दी है। पीड़ित पुलिसकर्मी ने न्यायालय के आदेश पर थाना शिकोहाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पंकज कुमार निवासी बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद वर्तमान में कानपुर में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात हैं। उनका आरोप है कि उसकी दोस्ती इटावा की रहने वाली एक युवती से हो गई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। युवती ने जब पुलिसकर्मी से शादी का दबाव बनाया, तो पुलिसकर्मी ने शादी करने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवती ईशू, उसका भाई गोलू एवं पिता राज कुमार ने उसको शिकोहाबाद के सुभाष तिराहे पर बुलाया। यहां तीनों ने उस (पुलिसकर्मी) पर शादी करने या फिर 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। कोई मांग पूरी न होने पर अब पीड़ित को जान से मरवाने या फिर फर्जी केस में जेल भिजवाने की धमकी दी है। पीड़ित पुलिसकर्मी ने इस घटना की रिपोर्ट 9 माह बाद न्यायालय के आदेश पर शिकोहाबाद में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।