आईसीयू वार्ड में भर्ती झुलसी महिला सोनम। संवाद
- फोटो : आईसीयू वार्ड में भर्ती झुलसी महिला सोनम। संवाद
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला झलकारी नगर में मंगलवार शाम घरेलू कलह के बाद नवविवाहिता ने खुद को आग लगा ली, उसे बचाने के प्रयास में पति भी झुलस गया। आनन-फानन में परिजनों द्वारा दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां से महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया है।
झलकारी नगर निवासी 20 वर्षीय सोनम का मंगलवार शाम को अपने पति टीटू से घरेलू विवाद हो गया था। विवाद के बाद सोनम गुस्से में आकर कमरे में चली गई और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। कमरे से लपटें और चीख-पुकार सुनकर पति टीटू तुरंत अंदर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे उसके दोनों हाथ भी झुलस गए।
घटना के बाद परिजन दोनों को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनम की चिंताजनक हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया, जबकि पति टीटू को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।
अस्पताल पहुंची सोनम की मां ऊषा देवी ने बताया कि उसकी बेटी की शादी को अभी महज एक वर्ष ही हुआ है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन सोनम को पसंद नहीं करते थे और आए दिन विवाद होता रहता था। मंगलवार शाम को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद सोनम ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस मामले की जानकारी मिलने पर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
- संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी