फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसकी पिटाई कर घर से निकाल दिया। पति ने तीन तलाक दे दिया। जेठ पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप है। पीड़िता ने पति समेत पांच पर केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह पांच वर्ष पहले अजमत अली निवासी चिश्ती नगर रामगढ़ के साथ हुई थी। अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए उसे ससुराल से निकाल दिया। तब से वह कश्मीरी गेट स्थित मायके में है। कसे वापस लेने की बात से मना करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और पति ने तीन तलाक दे दिया। थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
दो बहनों को ससुरालियों ने घर से निकाला
फिरोजाबाद। दहेज न मिलने पर मटसेना क्षेत्र में दो बहनों को उनके ससुरालियों ने पिटाई कर घर से निकाल दिया। सिकहरा निवासी मुन्नी देवी ने मटसेना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी दो बेटियां राखी और कविता की शादी 13 दिसंबर 2015 को दो सगे भाइयों से की थी। राखी की रघुराज सिंह और कविता की शिवराम से शादी हुई थी। दोनों के पति, ससुर राजवीर सिंह, सास गुड्डी देवी, देवर शिवकुमार अतिरिक्त दहेज की मांग कर आए दिन पिटाई करते थे। उसका गर्भपात हो गया था। कविता को फंदे से लटकाने का प्रयास किया था। बाद में घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी शिव कुमार चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।