फिरोजाबाद। उप निदेशक कृषि कार्यालय में पात्रता के बावजूद किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायतों की भरमार है। विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले किसान सम्मान निधि नहीं मिलने की स्थिति में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए विभाग ने शासन को पत्र लिखा है। माह जनवरी-फरवरी में किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के डाटा में व्याप्त खामियों को संशोधित कर लगभग एक लाख, 69 हजार किसानों का डाटा शासन को फारवर्ड किया गया था। इनमें से करीब एक लाख,40 हजार किसानों के खातों में सम्मान निधि की द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ किश्त के अतिरिक्त पांचवी किश्त जारी हो चुकी है। लेकिन करीब तीस हजार किसानों के खातों में सम्मान निधि नहीं पहुंची। सम्मान निधि से वंचित किसान उप निदेशक कृषि कार्यालय में शिकायतें दर्ज करा रहे हैं।पात्रता श्रेणी वाले किसानों द्वारा दर्ज ऑनलाइन शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं हो पा रहा है। लगातार मिल रहीं शिकायतों के मद्देनजर उप निदेशक कृषि द्वारा शासन को पत्र लिखा गया है। पत्र में पात्रता श्रेणी वाले किसानों के खातों में सम्मान निधि पहुंचने के बाबत जानकारी चाही गई है।
कुछ किसानों के डाटा पूरी तरह सही हैं।तथा उपरोक्त सभी योजना के अर्ह भी हैं। इन किसानों को सम्मान निधि क्यों नहीं मिल पा रही है। इस बाबत शासन को पत्र लिखा है।
डॉ हंसराज उप निदेशक कृषि