- एटा के सकरोली इलाके का था निवासी, हत्या-आत्महत्या के बीच उलझी गुत्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
नारखी (फिरोजाबाद)। रजावली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर में बुधवार को एक खेत में एटा जिले के व्यक्ति का शव लटका मिला। सूचना पर परिवार वाले आ गए। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस आत्महत्या मान रही है। दोनों ही पहलुओं पर जांच जारी है।
घटना रामनगर गांव में पप्पू पुत्र लटूरी के बाजरे के खेत की है। ग्रामीणों ने खेत में एक पेड़ से शव लटका देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान 45 वर्षीय मनोज पुत्र डोरी लाल के रूप में की। वह एटा जिले के सकरोली थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव का रहने वाला था। थानाध्यक्ष रजावली ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मनोज के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज की पत्नी का दो साल पहले निधन हो गया था और हाल ही में उसके बेटे की भी मौत हो गई थी। पुलिस को संदेह है कि इन पारिवारिक दुखों के कारण ही मनोज ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इधर, परिजन का कहना है कि उन्हें मनोज के साथ अनहोनी की आशंका है।