फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी में आम आदमी का प्रवेश बंद होने के बाद किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। गांव देहात से सब्जी आदि लेकर सब्जी मंडी पहुंचने वाले किसानों की मेहनत तो दूर भाड़े के पैसे भी नहीं निकल पा रहे है। इसको लेकर किसान परेशान दिखाई देने लगे हैं। किसानों का कहना है कि जिस हिसाब से मंडी में प्रतिदिन सब्जी आ रही है उस हिसाब से डिमांड नहीं है। डिमांड कम होने के कारण जहां सब्जियों के रेट गिरे हुए हैं। वहीं वह भी बिकने से बच रही है। ऐसे में हरी सब्जी दूसरे दिन खराब होने के कारण उसको किसान न तो घर ले जाते और न ही किसी स्थान पर उसको रखते है। बची हुई हरी सब्जी को किसान या तो मंडी परिसर में घूमने वाले गोवंशों के सामने डालने को विवश हो रहे हैं या फिर फिर वहीं छोड़कर चले जाते हैं। इसके चलते किसानों को आर्थिक नुकसान तो हो रहा ही है साथ ही किराए के पैसे भी नहीं मिल पा रहे हैं। इसको लेकर सब्जी वाले किसानों के सामने परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी भी सताने लगी है।