संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के गांव झपारा के पास किसी वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला एवं पति घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिवारीजन दोनों को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जसराना के गांव झपारा के मौजा नगला ख्याली निवासी पूर्व फौजी महावीर उर्फ रुकमपाल सिंह जसराना के बाईपास चौराहे पर रहते हैं। देर शाम खेतों में कार्य करने के बाद वह पत्नी श्रीदेवी (58) के साथ स्कूटी से लौटकर आ रहे थे। एटा शिकोहाबाद मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों पति-पत्नी घायल हो गए।वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। घायलों को लोग उपचार के लिए सीएचसी लेकर आए। यहां महिला को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल गिरीश चंद्र ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है।