फिरोजाबाद। खाद्य सामग्री घर-घर पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं हो इसी लिहाज से गल्ला मंडी में थोक की दुकानों के साथ होम डिलीवरी वाली दुकानें खुली रहीं। दुकानदार फोन पर ही आर्डर लेकर सामान की आपूर्ति करने में जुटे थे। इधर कई दुकानदारों ने फुटकर दुकानदारों को फोन करके बुलाया और सामान की आपूर्ति कराई। कोरोना वायरस के तेजी से फैलते संक्रमण को रोकने के लिए जिला पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सख्ती बरती जा रही है। हॉटस्पॉट एरिया को पूरी तरह से सील कर दिया। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रहीं है।
डीएम चंद्र विजय सिंह व एसएसपी सचिंद्र पटेल ने जरूरत के सामान की आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं आए इसी लिहाज से होम डिलेवरी सहित थोक की दुकानें सोमवार को बाजार में खुली रहीं। शहर में थोक की दुकानों से फुटकर दुकानों पर सामान को भिजवाने की व्यवस्था की जा रही थी। थोक गल्ला मंडी में आटा, दाल चावल एवं चीनी के साथ मसालों की सप्लाई के लिए मंडी में किसी ने छोटा हाथी तो किसी ने रेहड़ी संचालकों को भी बुला लिया था। ताकि शहर के अन्य क्षेत्रों में सामान पहुंचाया जा सके। इसके साथ बजरिया में चार दुकाने, गंज का ही चौराहा पर स्थित तीन दुकानों पर होम डिलीवरी के लिए ही सामान को पैकिंग करने में जुटे थे। ताकि घरों तक सामान को पहुंचाया जा सके। फोन पर बुकिंग करने के साथ घरों पर ही सामान की सप्लाई की जा रही है। ताकि लोगों को दिक्कत न होने पाए। हालांकि अनुमति के साथ कई दुकानदारों पर तो अनुमति नहीं होने के बाद भी खोल ली थीं।
फिरोजाबाद। थोक मंडी में दुकानों के खुलने के साथ पुलिस की टीम राउंड लेती रही। कुछ दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। एसएचओ दक्षिण प्रमोद मलिक ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी सामाजिक दूरी का पालन किया जाए। थाना प्रभारी प्रमोद मलिक ने कहा कि गल्ला मंडी में थोक की दुकानें खुलवाई गई हैं। ताकि लोगों को आटा, चीनी के साथ अन्य सामग्री मिल सके। थोक दुकानदारों से क्षेत्रीय दुकानदारों को सामान आपूर्ति की छूट दी गई थी।