फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के मोहल्ला ऐलानीनगर में संदिग्ध हालात में महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला की मौत से परिवार में ही कोहराम मच गया। परिजन मायकापक्ष के आने का इंतजार कर रहे थे।
थाना रसूलपुर के ऐलानीनगर निवासी सर्वेशी देवी(28) पत्नी प्रवेश कुमार बघेल परिवार के साथ रहती थी। शनिवार सुबह प्रवेश कुमार राज मिस्त्री का काम करने थाना रसूलपुर के पीछे चला गया। घर पर सर्वेशी एवं उसकी दो बेटियां अनुष्का (छह), आंशी (चार) एवं चार माह का बेटा शिवम था। कुछ देर बाद सर्वेशी देवी अपनी दो बेटियों एवं चार माह के बेटे को पड़ोस में रहने वाली फुफिया सास फूलमाला के घर पानी लेने जाने की बात कहकर छोड़ गई।
सर्वेशी के काफी देर तक नहीं लौटने पर बेटी अनुष्का ने घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। दरवाजे से नीचे झांककर देखने पर सर्वेशी का शव टट्टर में फांसी के फंदे पर ही झूलता नजर आया।
इस पर उसने फूलमाला को जानकारी दी। सूचना पर मोहल्ले के लोग एवं परिजन मौके पर एकत्रित हो गए और आनन फानन में दरवाजा तोड़कर महिला केा फंदे से नीचे उतारा। परिजनों की मानें तो उस समय महिला की कुछ श्वांस चल रही थी। आनन-फानन में परिजन महिला को लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को सूचना दे दी है। हालांकि देर शाम तक मायके पक्ष के लोग नहीं आए थे।