कुंभ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़।
- फोटो : कुंभ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़।
टूंडला। प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने तमाम कुंभ स्पेशल ट्रेनों को चलाया है। फिर भी कुंभ मेला जाने के लिए स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ है तथा ट्रेनें ठसाठस चल रहीं हैं। महाकुंभ को लेकर यात्रियों की संख्या में खासा उछाल आया है। अन्य दिनों की अपेक्षा टूंडला से जाने वाले रेलयात्रियों की संख्या डेढ़ गुना हो गई है।
प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ को लेकर श्रद्धालुओं में ऐसा उत्साह है। हरकोई वहां गंगा-त्रिवेणी स्नान ही नहीं, वहां की छठा, वहां आए हुए नागा, अघोरी बाबाओं के दर्शन करने के लिए जाना चाहता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन पूरी तरह सजग है। रेलवे ने महाकुंभ जा रहे तीर्थयात्रियों के लिए टूंडला से 20 कुंभ स्पेशल ट्रेनों को चलाया है। इसके साथ ही अन्य स्टेशन से कुंभ स्पेशल ट्रेनों के टूंडला में ठहराव दिए हैं। वहीं प्रतिदिन चलने वाली 100 से अधिक ट्रेनें हैं।
महाकुंभ में जाने वाले तीर्थ यात्रियों की भीड़ ऐसी है कि शाम होते ही स्टेशन पर यात्री ही यात्री नजर आ रहे हैं। पहले से ही फुल पहुंच रहीं ट्रेनों में यात्री जबरन चढ़ रहे हैं। माना जा रहा है कि सर्दी कम होने के साथ ही महाकुंभ तीर्थ यात्रियों की संख्या में अभी और इजाफा होगा।
प्रतिदिन बढ़ रही यात्रियों की संख्या
रेलवे की चीफ बुकिंग सुपरवाइजर ममता यादव ने बताया कि रेलवे के लोकल टिकट कांउटर से जहां 11 जनवरी को 3723 टिकट, 12 जनवरी को 4057 व 13 जनवरी को प्रयागराज जाने के लिए 4320 टिकट की बिक्री हुई। वहीं 14 जनवरी को साढ़े चार हजार टिकट का आंकड़ा पार हो गया। इसके अलावा पहले से रिजर्वेशन कराकर चलने वाले यात्री हैं। पूर्व में टूंडला से लगभग 10 हजार यात्रियों का आवागन हो रहा था, वह बढ़ते हुए करीब 15 हजार के करीब पहुंच गया है।