स्कंदमाता की घर-मंदिरों में हुई पूजा
- फोटो : Amar Ujala
मातारानी के मंगला दर्शन के लिए दंडौती लगाकर पहुंच रहे हैं श्रद्धालु
नेजा चढ़ाने एवं प्रसाद बांटने का क्रम शुरू, नारों से गूंज उठे देवी मंदिर
शारदीय नवरात्रि के छठवें दिन मां के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई। घरों में पूजा की थाली सजाने के साथ श्रद्धालुओं ने घर में मां की ज्योति जलाई और मंदिर पहुंचे। प्रमुख मंदिरों में सुबह से लेकर दोपहर तक पूजा अर्चना करने का क्रम चला। शाम को भजन कीर्तन के साथ सामूहिक आरती की गई। मंदिरों में दंडौती लगाने वाले भी पहुंच रहे हैं।
शारदीय नवरात्रि में मंदिरों में भक्ति की धूम मची हुई है। ग्रामीण अंचल से तो रात दो बजे से श्रद्धालु टोलियों के रूप में आ रहे हैं। चार बजे पट खुलते ही दर्शन करने वालों की भीड़ जुट जाती है। पुलिस फोर्स के जवानों को भी श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। एक घंटे के मंगला दर्शन में हजारों की भीड़ उमड़ती है। मां वैष्णो देवी धाम उसायनी में भक्तों की खासी भीड़ उमड़ रही है। प्रसाद के रूप में कोई हलुवा चना तो कोई अन्नकूट एवं पूड़ी प्रसाद के रूप में बांट रहा है। नेजा चढ़ाने के साथ ही दंडौती परिक्रमा लगाते हुए श्रद्धालु परिवार के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। कोटला रोड मां दुर्गा मंदिर, जलेसर रोड स्थित काली मंदिर, सिनेमा चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, बड़ी छपैटी स्थित चौरासी घंटा मंदिर, पथवारी मंदिर चंद्रवार गेट, कोटला मोहल्ला, काली मंदिर सुहागनगर सेक्टर एक, दुर्गा मंदिर सुहागनगर के साथ शहर के अन्य देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।