फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ-अागरा एक्सप्रेसवे मुआवजे को लेकर हंगामा

Sat, 31 Jan 2015 11:26 PM IST
ब्यूरो अमर उजाला फीरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे को भूमि नहीं देने पर अड़े नगला गुलाल के किसानों ने शनिवार को गांव पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का विरोध किया। हंगामा होने के बाद डीएम लौट गए। किसानों ने कहा यदि जबरन भूमि ली गई तो वह आत्महत्या करने को विवश होंगे। किसानों ने एक बार फिर सैफई के अनुरूप मुआवजा दिलाने की जिला प्रशासन से मांग की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के घरों पर बिजली चेकिंग कराई जिससे उनपर दबाव बनाया जा सके।
विज्ञापन



नगला गुलाल के किसान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के लिए बैनामा नहीं कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सैफई के अनुरूप मुआवजा दिया जाए। शनिवार को डीएम विजय किरन आनंद, एएसपी संजय यादव, एसडीएम रवींद्र सिंह, सीओ श्यामकांत के साथ ही कई थानों का फोर्स एवं पीएसी के साथ गांव पहुंचे। पुलिस देख कर कई किसान घरों पर ताला डालकर महिलाओं एवं बच्चों के साथ पलायन कर गए। डीएम ने किसानों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण के बारे में समझाने व बैनामा करने को कहा। इस पर किसान राजी नहीं हुए तो उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। सरकार द्वारा जमीन की रेट छह से 13 लाख कर दिया है। इसका चार गुना किसानों को दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों पर दबाव बनाने को बिजली चेकिंग अभियान भी चलवाया। बातचीत के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई। किसानों ने जबरन जमीन अधिग्रहण करने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है।



किसानों को भूमि का बैनामा करने के लिए सिर्फ समझाने को डीएम व अन्य अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ नगला गुलाल गए थे। 178 किसानों में से 3 किसान अपनी भूमि का बैनामा कराया है। कुछ लोग किसानों को बरगला रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

रवींद्र सिंह, एसडीएम शिकोहाबाद।


किसानों से जबरन करा रहे हैं बैनामा
नगला गुलाल निवासी किसान सोम सिंह यादव ने कहा कि डीएम, एसडीएम व अन्य अधिकारी फोर्स के साथ गांव पहुंचे थे। बिजली चेकिंग के नाम पर भूमि का बैनामा करने को दबाव डाला है। कई लोग घरों से पलायन कर गए। वह स्वयं गांव से चले आए। सैफई में ऊसर भूमि की दरें एक करोड़ 20 लाख रुपया प्रति हेक्टेयर हैं। हमारी भूमि तो तीन फसली है।

महिलाओं ने घरों से फेंके उपले
फोर्स को देखकर किसान सीधे विरोध तो नहीं कर सके लेकिन घरों के अंदर से महिलाओं ने उपलों को फेंककर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन बिजली के झूठे मुकदमे लगाकर दबाव बनाने की तैयारी में हैं।



सैफई प्रेम में किसानों की अनदेखी न करें मुख्यमंत्री: बब्बर
फीरोजाबाद के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस प्रवक्ता राजबब्बर ने फोन पर कहा कि नगला गुलाल के लोगों ने उनसे अपनी वेदना कही है। पार्टी पूरी ताकत के साथ किसानों की लड़ाई लडे़गी। एक ही प्रोजेक्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण हो रहा है फिर सैफई के किसानों और नगला गुलाल के किसानों को दिए जाने वाले मुआवजा में सरकार ने अंतर क्यों रखा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री का सैफई प्रेम ठीक है लेकिन जनपद के किसानों को सौतेला न समझा जाए। बब्बर ने कहा जरूरत पड़ी तो वहां आकर किसानों के हक की लड़ाई लडे़ंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें